दिल्ली के लाजपत नगर में बेसमेंट में लगी भीषण आग, एक कर्मचारी की मौत, दूसरा ICU में भर्ती
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में एक चार मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी आग से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घायल कर्मचारी को सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में बेसमेंट में चल रहे वेल्डिंग कार्य के दौरान आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, लाजपत नगर-II स्थित बिल्डिंग नंबर G-5 के बेसमेंट में बुधवार दोपहर आग लगी थी। दोपहर करीब 1:17 बजे लाजपत नगर थाने में PCR कॉल के जरिए आग लगने और कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
बेसमेंट में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने का चल रहा था काम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस समय आग लगी, उस वक्त बेसमेंट में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था। आशंका है कि इमारत में फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के लिए यह काम चल रहा था। इस दौरान दो मजदूर वेल्डिंग कर रहे थे और बेसमेंट में मौजूद कार्यालय के दो कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गए।
बताया गया कि बेसमेंट में मिलाना क्राफ्ट वर्क्स नाम से कार्यालय संचालित था। आग लगने के बाद वहां मौजूद लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और दमकलकर्मियों ने बचाव अभियान चलाया।
गौरव की मौत, प्रेम सिंह शर्मा की हालत गंभीर
पुलिस के मुताबिक, बेसमेंट से गौरव नाम के कर्मचारी को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे कर्मचारी प्रेम सिंह शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें सफदरजंग अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने इमारत को खाली कराया और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार, बाद में मिली जमानत
मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिल्डिंग मालिक सुशांत मेहता को लापरवाही से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, जिन धाराओं में गिरफ्तारी हुई, वे जमानती होने के कारण उन्हें बाद में थाने से जमानत मिल गई।
पुलिस ने वेल्डिंग का काम करने वाले मजदूरों को उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को भी पूछताछ और सत्यापन के लिए बुलाया है। जांच में बिल्डिंग मालिक, ठेकेदार और काम में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
FSL टीम ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति थी या नहीं और वहां जरूरी अग्नि सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं।
फिलहाल आग लगने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।