गुजरात में शादी में जा रही लग्जरी बस और टैंकर की भीषण टक्कर, 2 की मौत, 30 से ज्यादा घायल
गुजरात: भरूच जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक निजी लग्जरी बस की टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बस में सवार परिवार के लोग अपने रिश्तेदारों के साथ राजकोट जिले के धोराजी से सूरत जा रहे थे। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान भरूच जिले में देरोल के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी बस टैंकर से टकरा गई।
सुबह करीब 5:30 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए।
30 से 35 यात्री घायल, बच्चों को भी आई चोटें
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण आसपास के क्षेत्रों से करीब 7 से 8 एंबुलेंस बुलाई गईं। इसके बाद घायलों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में करीब 30 से 35 यात्री घायल हुए हैं। इनमें 6 से 7 साल के छोटे बच्चे भी शामिल हैं। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
क्रेन की मदद से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात को सामान्य किया जा सके।
इस हादसे में दो लोगों की मौत से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।