CM पुष्कर सिंह धामी ने PM मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड के लिए मांगीं कई बड़ी परियोजनाएं
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों का हवाला देते हुए उत्तराखंड को विशेष राहत देने का अनुरोध भी किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि उत्तराखंड सामरिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्रदेश के विकास के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों की मजबूती के लिए भी जरूरी है।
दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेसवे बनाने की मांग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेसवे निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। इस परियोजना से दिल्ली और कुमाऊं के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड-कम-रेल सुरंग बनाने, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे कराने और बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन के सर्वेक्षण का अनुरोध किया।
उन्होंने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर भी विचार करने की मांग रखी।
चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिले में स्थित चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए केंद्र से वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मांगा। उन्होंने इसके नागरिक और सैन्य उपयोग को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं के विकास का अनुरोध किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं यानी EAP की सीमा से छूट देने की मांग की। उनका कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्यों की लागत और भौगोलिक चुनौतियां अधिक होती हैं, इसलिए राज्य को अतिरिक्त वित्तीय सहयोग की जरूरत है।
किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की मांग
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का अनुरोध किया। आयुष मंत्रालय की ओर से प्रस्तावित तीन संस्थानों में से एक संस्थान उत्तराखंड में स्थापित करने की मांग रखी गई।
मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग का भी आग्रह किया।
देहरादून रिंग रोड और मसूरी रोपवे पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड की लगभग 1,200 करोड़ रुपये की परियोजना के अलाइनमेंट को मंजूरी देने में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। इसके अलावा देहरादून-मसूरी रोपवे के अध्ययन और वन स्वीकृति प्रक्रिया में केंद्र के सहयोग का भी उल्लेख किया।
उन्होंने देहरादून से हरिद्वार तक क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के विस्तार के लिए मेरठ-मोदिपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का अनुरोध किया। ऋषिकेश में यातायात का दबाव कम करने के लिए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक जलमार्ग की संभावनाओं का अध्ययन कराने में सहयोग मांगा।
कुंभ-2027 के लिए केंद्र की मदद पर जताया आभार
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विशेष सहायता योजना (SASCI) के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए RDSS योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण हेतु 3,436.08 करोड़ रुपये की स्वीकृति का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर की व्यवस्था और चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर भी केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।
वेडिंग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण में काम किया जा रहा है। इसके अलावा चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर के तहत नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार ने वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी और विस्तृत दिशा-निर्देश भी तैयार किए हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पौड़ी गढ़वाल के बेलकेदार क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल के अंजनिसैंण और टिहरी क्षेत्र तथा चंपावत के लोहाघाट और श्यामलाताल को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने शीतकालीन पर्यटन, आदि कैलाश परिक्रमा और सीमावर्ती गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को पहचान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार की ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ पहल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है।
इस ब्रांड का कारोबार बढ़कर 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हो चुके हैं। राज्य के उत्पादों की बिक्री अमेजन, ONDC, जियो मार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने ITBP के साथ हुए समझौते का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत 7,255 बकरियों से प्राप्त 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी रखी गई योजनाओं की जानकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए 559 क्लस्टर विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 331 विद्यालयों का आकलन किया गया है और 93 विद्यालयों के लिए स्वीकृतियां जारी की गई हैं।
भारत दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम के तहत हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 379 विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक, औद्योगिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया है। राज्य में उत्तराखंड दर्शन शैक्षिक कार्यक्रम शुरू करने की भी योजना है।
प्रधानमंत्री को भेंट किए उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तराखंड की लोककला, परंपरा और स्थानीय उत्पादों से जुड़े उपहार भेंट किए। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए लक्ष्य हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने और प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए लगातार काम कर रही है।