मुजफ्फरनगर में शादी का न्योता न मिलने पर बवाल, दो दोस्तों के परिवार भिड़े, छतों से हुआ पथराव
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शादी का निमंत्रण नहीं मिलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दो दोस्तों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने दोनों परिवारों को आमने-सामने ला दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नरा गांव का है। जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले मनीष की कुछ दिन पहले शादी हुई थी। उसका दोस्त आशु इस बात से नाराज था कि मनीष ने उसे अपनी शादी में आमंत्रित नहीं किया। इसी बात को लेकर दोनों दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते दोनों के बीच हुआ विवाद बढ़ने लगा। शुरुआत में मामला दो दोस्तों तक सीमित था, लेकिन बाद में दोनों के परिवार भी इसमें शामिल हो गए। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर बरसाए पत्थर
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। हालात इतने बिगड़ गए कि लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस दौरान महिलाएं और पुरुष दोनों पथराव करते नजर आए। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
मोबाइल में कैद हुआ पथराव, वीडियो वायरल
इस पूरी घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग घरों की छतों से एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पथराव की स्थिति साफ नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
तीन लोग घायल, पांच आरोपी गिरफ्तार
पथराव की सूचना मिलते ही मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस घटना में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ खतौली रूपाली राव के मुताबिक, नरा गांव में शादी की दावत को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों तरफ से मारपीट और पथराव किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।