📅 Loading Date & Time...
होम > एजुकेशन > न्यूज़

DU AVASAR 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में 7 अक्टूबर को प्लेसमेंट ड्राइव, 85 कंपनियां होंगी शामिल

By aonenewstv | Published: Oct 03, 2026 05:15 AM

DU AVASAR 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में 7 अक्टूबर को प्लेसमेंट ड्राइव, 85 से ज्यादा कंपनियां होंगी शामिल

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर 2026। दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए नौकरी और इंटर्नशिप का अवसर मिलने वाला है। यूनिवर्सिटी 7 अक्टूबर 2026 को AVASAR 2026 प्लेसमेंट और इंटर्नशिप ड्राइव का दूसरा संस्करण आयोजित करेगी। इस आयोजन में 85 से ज्यादा संस्थानों के शामिल होने की उम्मीद है, जबकि 4,000 से अधिक छात्र पहले ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

यह ड्राइव दिल्ली यूनिवर्सिटी के Central Placement Cell (CPC) की ओर से Dean Students’ Welfare (DSW) के तहत आयोजित की जा रही है। AVASAR को पहले ‘Job Mela’ के नाम से जाना जाता था। इसका उद्देश्य छात्रों को अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी और इंटर्नशिप के लिए संभावित नियोक्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर देना है।

7 अक्टूबर को नॉर्थ कैंपस में आयोजन

AVASAR 2026 का आयोजन 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से किया जाएगा। दिल्ली यूनिवर्सिटी के आधिकारिक प्लेसमेंट पोर्टल के मुताबिक, आयोजन का स्थान इंडोर स्टेडियम, मल्टीपर्पज हॉल, गेट नंबर 2, नॉर्थ कैंपस है।

यूनिवर्सिटी के अनुसार, अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और PhD प्रोग्राम में पढ़ने वाले छात्र और यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र इसमें हिस्सा ले सकते हैं। School of Open Learning (SOL) और Non-Collegiate Women’s Education Board (NCWEB) के छात्र भी पात्र हैं। आयोजन में भाग लेने के लिए कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं है।

85 से ज्यादा संगठन होंगे शामिल

प्लेसमेंट ड्राइव में 85 से अधिक संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें SPRIX Japan, Teach for India, Kotak Life, PPG Foundation, Influngio, Surasa, Dear Sir E-Learning, Cambridge School, Bharti Bhawan, Unthinkable Solutions, Muthoot Finance, Verdicto, Connect Jobs, LSSSDC, Intellexia Tech और Hazelnut Cyborg Infra Solutions समेत कई संस्थान शामिल हैं।

10 लाख से ज्यादा का पैकेज, 60 हजार तक इंटर्नशिप स्टाइपेंड

दिल्ली यूनिवर्सिटी के मुताबिक, इस प्लेसमेंट ड्राइव में उपलब्ध नौकरियों में सबसे ज्यादा सालाना पैकेज 10 लाख रुपये से अधिक है। वहीं इंटर्नशिप के लिए अधिकतम 60,000 रुपये प्रति माह तक स्टाइपेंड की जानकारी दी गई है। हालांकि, वास्तविक वेतन, स्टाइपेंड और पात्रता संबंधित संगठन एवं पद के अनुसार अलग-अलग होगी।

छात्रों को साथ ले जाना होगा रिज्यूमे और ID

यूनिवर्सिटी के आधिकारिक निर्देशों के अनुसार, छात्रों को अपने अपडेटेड रिज्यूमे/CV की कई प्रतियां और वैध पहचान पत्र, जैसे आधार कार्ड या कॉलेज आईडी, साथ लेकर आने की सलाह दी गई है। छात्रों को फॉर्मल या प्रोफेशनल ड्रेस में आने के लिए भी कहा गया है।

प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान छात्र कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर सकेंगे। संबंधित कंपनियों की जरूरत के अनुसार कंपनी प्रेजेंटेशन, इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन, स्क्रीनिंग राउंड और अन्य चयन प्रक्रियाएं भी आयोजित की जा सकती हैं।

यूनिवर्सिटी के Central Placement Cell के अनुसार, AVASAR 2026 का उद्देश्य छात्रों और नियोक्ताओं के बीच संपर्क मजबूत करना और छात्रों को नौकरी एवं इंटर्नशिप के अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराना है।

Scroll to Top