दिल्ली के कनॉट प्लेस में CJP प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव, वीडियो वायरल; पुलिस और CRPF ने किया फ्लैग मार्च
नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लेस में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किए जाने का वीडियो सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने कथित तौर पर पत्थर फेंके। घटना के बाद रविवार को दिल्ली पुलिस और CRPF की संयुक्त टुकड़ी ने कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में फ्लैग मार्च किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, भीड़ को हटाने की कोशिश के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शन के दौरान बिगड़े हालात पर चर्चा तेज हो गई है।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। शनिवार को CJP संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया था। रविवार को अदालत ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया।
कनॉट प्लेस में फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। पुलिस प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रख रही है, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।