असम में सेना के ड्राइवर का चालान काटना MVI को पड़ा भारी, अधिकारी समीम सुल्ताना ड्यूटी से हटाई गईं
जोरहाट: असम के जोरहाट में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान सेना के एक ड्राइवर का सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालान काटने वाली मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) समीम सुल्ताना को ड्यूटी से हटा दिया गया है। इस घटना के बाद परिवहन विभाग और सेना के बीच मामला चर्चा में आ गया है।
मामला जोरहाट शहर के व्यस्त एटी रोड पर इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के सामने का है। यहां ‘जीरो-फैटैलिटी’ सड़क सुरक्षा अभियान के तहत वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान MVI समीम सुल्ताना ने सेना के एक ड्राइवर को सीट बेल्ट नहीं लगाने पर रोककर उसका चालान काट दिया।
चालान काटने के बाद व्यवहार को लेकर उठा विवाद
जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया के मुताबिक, MVI ने सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण सेना के ड्राइवर का चालान किया था। हालांकि, ड्राइवर से पूछताछ के दौरान अधिकारी के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे।
धनंजय सैकिया ने बताया कि MVI का व्यवहार कुछ रूखा था। इसी वजह से उन्हें एक-दो दिनों के लिए ड्यूटी से हटाया गया है। विभाग की ओर से इस मामले में परिस्थितियों की जांच भी की गई।
सेना के ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर भी दी गई जानकारी
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सेना के जवान अपने सैन्य ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर सैन्य वाहन चला सकते हैं, लेकिन सिविलियन यानी सामान्य नागरिक वाहनों को चलाने के लिए इस लाइसेंस का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
इस मामले में सेना की ओर से भी बयान सामने आया। बयान के अनुसार, जिला परिवहन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम और परिस्थितियों की जांच की गई।
सेना के अधिकारियों ने भी की मामले की समीक्षा
जानकारी के मुताबिक, लिचुबार स्थित हेडक्वार्टर 41 सब-एरिया की ओर से भी मामले को देखा गया। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने उपलब्ध रिपोर्ट और परिस्थितियों के आधार पर मामले की समीक्षा की।
फिलहाल इस घटनाक्रम ने सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान सरकारी अधिकारियों के व्यवहार और सैन्य वाहनों से जुड़े नियमों को लेकर चर्चा छेड़ दी है।