सियासी समर में उतरेगी नवरंग कांग्रेस, नौजवानों, किसानों और बेरोजगारों के लिए रोजगार का संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष हजरत अब्दुल करीम देसाई ने गिनाए पार्टी के सात प्रमुख संकल्प, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था को बताया प्राथमिकता
आगरा। नवरंग कांग्रेस अब राजनीतिक मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने जनता की निःस्वार्थ सेवा, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और समाज के हर वर्ग को न्याय एवं सम्मान दिलाने का संकल्प लिया है। पार्टी का मुख्य फोकस युवाओं को रोजगार, किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा, मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर रहेगा।
नवरंग कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हजरत अब्दुल करीम देसाई ने दिल्ली गेट स्थित होटल ईस्ट लाइट में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी की नीतियों और आगामी राजनीतिक रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवरंग कांग्रेस की स्थापना 12 अक्टूबर 2018 को नई दिल्ली में हुई थी। स्थापना के समय से ही पार्टी का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता देना रहा है।
पार्टी के सात प्रमुख संकल्प
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि नवरंग कांग्रेस ने समाज के अलग-अलग वर्गों को ध्यान में रखते हुए सात प्रमुख संकल्प निर्धारित किए हैं।
1. शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता
पार्टी का लक्ष्य सभी को मुफ्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही सरकारी नियुक्तियों में भ्रष्टाचार समाप्त कर योग्य उम्मीदवारों को पारदर्शी तरीके से रोजगार देने की बात कही गई है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, आईटी सिटी की स्थापना करने और युवाओं की प्रतिभा एवं उत्साह को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया गया है।
2. मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा और आवास
नवरंग कांग्रेस सभी लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पक्षधर है। पार्टी का कहना है कि समाज में कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके साथ ही बेघर लोगों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
3. किसान और मजदूरों के हितों की रक्षा
पार्टी ने किसानों और मजदूरों के कल्याण को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। किसानों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए बिजली उत्पादन बढ़ाने, पानी का उचित बंटवारा करने और बाढ़ नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई है। इसके साथ ही किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया गया है।
4. भिक्षावृत्ति से सम्मानजनक रोजगार की ओर
नवरंग कांग्रेस ने भिक्षावृत्ति की समस्या को समाप्त करने के लिए विशेष पहल का संकल्प लिया है। पार्टी के अनुसार मठ, मंदिर, गुरुद्वारा, मस्जिद और दरगाहों के सामने भिक्षा मांगकर जीवनयापन करने वाले लोगों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
5. भ्रष्टाचार का उन्मूलन
पार्टी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने पर जोर दिया है। इसके तहत रेलवे के निजीकरण को रोकने, राजस्व विभाग में सुधार करने और सरकारी व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने की बात कही गई है।
6. पुलिस व्यवस्था को बनाया जाएगा जनमित्र
नवरंग कांग्रेस का संकल्प पुलिस को जनता का दुश्मन नहीं, बल्कि मित्र बनाना है। इसके लिए सरकार और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात कही गई है।
पार्टी के अनुसार यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अधिक पुलिस बल की तैनाती, व्यस्त चौराहों पर अंडरपास और उपरिगामी सेतु तथा अलग-अलग स्थानों पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना चाहिए। इससे जाम की समस्या कम होगी और अर्थव्यवस्था को होने वाले नुकसान पर भी रोक लग सकेगी।
7. समरस और भेदभाव मुक्त समाज का निर्माण
पार्टी ने धर्म, जाति, प्रांत और भाषा के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त करने का संकल्प लिया है। समाज में आपसी बंटवारे और विवादों की जगह शांति एवं भाईचारे को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने, क्षेत्रीय भाषाओं को प्रोत्साहित करने और महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने पर भी जोर दिया गया है।
कई राज्यों में सक्रिय है नवरंग कांग्रेस का संगठन
राष्ट्रीय अध्यक्ष हजरत अब्दुल करीम देसाई ने बताया कि नवरंग कांग्रेस का संगठन असम, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सक्रिय है। पार्टी इन राज्यों में अपने संगठन को मजबूत करने के साथ राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
पत्रकारों और अधिवक्ताओं को संगठन और टिकट वितरण में मिलेगी प्राथमिकता
नवरंग कांग्रेस ने पत्रकारों और अधिवक्ताओं को लेकर भी अपनी विशेष योजना की जानकारी दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में पत्रकारों और वकीलों का ऐतिहासिक योगदान रहा है। इसी योगदान को ध्यान में रखते हुए पार्टी संगठन में जिम्मेदारी देने और टिकट वितरण के दौरान जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर पत्रकारों तथा अधिवक्ताओं को वरीयता देगी।
उन्होंने बताया कि पार्टी में पत्रकारों और अधिवक्ताओं के लिए एक अलग लीगल टीम भी तैयार की जाएगी। यह टीम दोनों वर्गों के बीच आपसी समन्वय स्थापित करेगी और पत्रकारों को न्याय दिलाने के लिए सहयोग करेगी। साथ ही लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की रक्षा के लिए भी काम करेगी।
नवरंग कांग्रेस ने अपने इन संकल्पों के जरिए राजनीतिक क्षेत्र में नई पहचान बनाने और समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात कही है। पार्टी का कहना है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसान कल्याण और सामाजिक न्याय के मुद्दे उसके राजनीतिक एजेंडे के केंद्र में रहेंगे।