📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Pulse Polio Campaign Agra 2026: 6.81 Lakh Children to Receive Polio Drops

आगरा में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, 6.81 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

जीवनी मंडी स्वास्थ्य केंद्र पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बच्चों को पिलाई ‘दो बूंद जिंदगी की’, 2703 बूथों पर हुआ अभियान का शुभारंभ

आगरा। जनपद में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत उत्साहपूर्वक की गई। अभियान के तहत जीवनी मंडी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए पोलियो बूथ का शुभारंभ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 6.81 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन रविवार को जिले के कुल 2703 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे बूथ दिवस पर किसी कारणवश पोलियो की खुराक पीने से छूट जाएंगे, उन्हें सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। इसके लिए 1761 टीमें गठित की गई हैं, जो जनपद के लगभग 9.57 लाख घरों तक पहुंचेंगी। इन टीमों के कार्यों की निगरानी के लिए 530 सुपरवाइजर टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है और इसमें आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने भी अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो के खिलाफ इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना जरूरी है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। बूथों के माध्यम से दवा पिलाने के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर किया जाएगा, ताकि निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जा सके।

पोलियो अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से डॉ. अमृता अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा सहित स्वास्थ्य केंद्र की सभी एएनएम और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें सुरक्षित भविष्य देने में अपना योगदान जरूर दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top