📅 Loading Date & Time...
होम > राष्ट्रीय > न्यूज़

जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन बंद, दिल्ली पुलिस ने तय किए 3 नए स्थल

By aonenewstv | Published: Oct 12, 2026 09:26 AM

जंतर-मंतर पर अब नहीं होगा धरना-प्रदर्शन, गृह मंत्रालय के फैसले के बाद दिल्ली पुलिस ने तय किए 3 नए स्थल

नई दिल्ली: दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए लंबे समय से इस्तेमाल किए जा रहे जंतर-मंतर को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। गृह मंत्रालय के निर्णय के बाद दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। अब राजधानी में धरना-प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को निर्धारित किया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी। नया आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए आदेश में आंशिक संशोधन करता है। इस फैसले के बाद राजधानी में विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने वाले राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और अन्य समूहों को अपने कार्यक्रमों के लिए नए निर्धारित स्थलों और प्रशासनिक नियमों का पालन करना होगा।

प्रदर्शन के लिए गृह मंत्रालय ने बनाई थी कमेटी

गृह मंत्रालय ने प्रदर्शन करने वाले नागरिकों को अपनी मांगें उठाने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक कमेटी गठित की थी। इसका मकसद ऐसा स्थान निर्धारित करना था, जहां लोग नागरिक अधिकारों और अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर सकें तथा कानून-व्यवस्था भी बनाए रखी जा सके।

कमेटी की प्रक्रिया के बाद जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने का फैसला लिया गया। दिल्ली पुलिस अब तीन वैकल्पिक स्थानों पर प्रदर्शन और धरना आयोजित करने से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी SOP के माध्यम से जारी करेगी।

Scroll to Top