हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पकौड़े की दुकान के बाहर पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा गांव में पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और कुछ ही देर बाद सड़क पर लाठी-डंडे, थप्पड़ और घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि देहरा गांव में पकौड़े की दुकान के बाहर पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन मामला जल्द ही बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से कई लोग मौके पर पहुंच गए और एक-दूसरे से मारपीट शुरू कर दी।
सड़क पर चले लाठी-डंडे
वायरल वीडियो में दुकान के सामने आधा दर्जन से अधिक लोग आपस में भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग एक-दूसरे को जमीन पर गिराकर पीट रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोग और महिलाएं बीच-बचाव करने की कोशिश करती भी दिखाई देती हैं, लेकिन कुछ समय तक मारपीट जारी रहती है।
वीडियो में पकौड़े बनाने में इस्तेमाल होने वाले कुछ औजारों से भी हमला करने की कोशिश दिखाई दे रही है। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दो लोग घायल, अस्पताल भेजे गए
घटना की जानकारी मिलने के बाद धौलाना थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। सीओ पिलखुवा मुनेश चंद्रा के मुताबिक, देहरा गांव में सजातीय दो पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट हुई थी। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज के साथ घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।