📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Samajwadi Party Agra Constitution Day: Shabbir Abbas Calls for Policy Review

जनता सरकार के कानूनों का विरोध करे तो नीयत और नीति पर आत्ममंथन जरूरी: शब्बीर अब्बास

संविधान दिवस पर समाजवादी पार्टी ने संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा का लिया संकल्प

आगरा। संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी आगरा महानगर के जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास और जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह ने की। इस दौरान भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा गया कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक स्वतंत्रता, सामाजिक न्याय और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान की आधारशिला है। संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और अपनी बात रखने का अधिकार प्रदान करता है।

सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए: शब्बीर अब्बास

समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि जब जनता ही सरकार के कानूनों और नीतियों का विरोध करने लगे, तो सरकार को अपनी नीयत और नीति पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए। सरकार की नीतियों की असली कसौटी उसके दावे नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन पर पड़ने वाला उनका प्रभाव होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी, नागरिकता कानून, कृषि कानून, अग्निपथ योजना, श्रम कानून और चुनावी चंदे की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर देश के विभिन्न वर्गों ने विरोध दर्ज कराया है। कृषि कानूनों के खिलाफ ऐतिहासिक किसान आंदोलन के बाद सरकार को तीनों कानून वापस लेने पड़े। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जिन वर्गों के हित में कानून बनाने का दावा किया जाता है, वही वर्ग उनके विरोध में सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर क्यों होता है?

शब्बीर अब्बास ने कहा कि जब किसान, नौजवान, मजदूर और आम नागरिक किसी नीति के विरोध में आवाज उठाते हैं, तो सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और नीतियों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता की आवाज को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

संविधान की मूल भावना और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प

शब्बीर अब्बास ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान समानता, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता, भाईचारे और लोकतंत्र की मजबूत नींव है। संविधान की मूल भावना, आरक्षण, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय को कमजोर करने वाली किसी भी कोशिश का समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय कर्तव्य है। समाजवादी पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

संविधान की प्रस्तावना के मूल्यों को अपनाने की शपथ

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहने की शपथ ली।

इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, लल्ला गुर्जर, जमील सिद्दीकी, रवि मेहरा, जाटब, बबलू वाल्मीकि, इमलाक अहमद, जितेंद्र लवानिया, विनोद श्रोतिया, हाजी हसीन खान, नितिन वर्मा, प्रमोद यादव और पुष्पेंद्र शर्मा सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top