आगरा की साहित्यकार रेनू अंशुल ने बढ़ाया शहर का मान, नया उपन्यास ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ चर्चा में
आगरा की साहित्यकार रेनू ‘अंशुल’ अपने साहित्य के माध्यम से नारी सशक्तीकरण की आवाज बुलंद कर रही हैं। पौराणिक नारी पात्रों को केंद्र में रखकर लिखे गए उनके उपन्यासों में महिलाओं की शक्ति, धैर्य, त्याग और आत्मसम्मान की झलक देखने को मिलती है। उनके चर्चित उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ के बाद अब नया पौराणिक उपन्यास ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ साहित्य जगत में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
पौराणिक पात्रों के जरिए नारी सशक्तीकरण का संदेश
आगरा में जन्मीं, पली-बढ़ीं और शिक्षित रेनू ‘अंशुल’ साहित्य के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। वह दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी अंशुल अग्रवाल की पत्नी हैं। कहानी संग्रह, लघुकथा संग्रह, उपन्यास और कविताओं के माध्यम से वह सामाजिक, मानवीय और राष्ट्रीय सरोकारों को अपनी लेखनी में स्थान देती रही हैं।
उनके साहित्य का प्रमुख स्वर नारी सशक्तीकरण है। वह पौराणिक कथाओं की महिला पात्रों को नए नजरिए से प्रस्तुत करते हुए उनके व्यक्तित्व, संघर्ष, आत्मसम्मान और निर्णय लेने की क्षमता को सामने लाने का प्रयास कर रही हैं।
इससे पहले उन्होंने अहिल्या, द्रौपदी, कुंती, तारा और मंदोदरी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित पौराणिक उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ लिखा था। इस कृति के बाद अब उनका नया उपन्यास ‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ प्रलेक प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है।
गाजियाबाद में हुआ उपन्यास का विमोचन
नए उपन्यास का विमोचन गाजियाबाद में साहित्यिक मंच ‘कथा रंग’ के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर देश के कई वरिष्ठ साहित्यकार, लेखक और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेयी, महेश दर्पण, बलराम, सुभाष चन्द्र, आलोक यात्री, हरियश राय और कमलेश भट्ट ‘कमल’ सहित अंशुल अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया।
विमोचन समारोह के दौरान उपस्थित साहित्यकारों और समीक्षकों ने रेनू ‘अंशुल’ की नई कृति की सराहना की। वक्ताओं का कहना था कि लेखिका पौराणिक नारी पात्रों को केवल धार्मिक या पारंपरिक कथा के रूप में प्रस्तुत नहीं कर रहीं, बल्कि उनके माध्यम से आज की महिलाओं की शक्ति, धैर्य, त्याग और आत्मसम्मान को भी अभिव्यक्त कर रही हैं।
उर्मिला के अनकहे संघर्ष और साधना को मिली नई पहचान
‘उर्मिला-अयोध्या की मौन साधिका’ उपन्यास में रामकथा के ऐसे पक्ष को केंद्र में रखा गया है, जिस पर आमतौर पर अपेक्षाकृत कम चर्चा होती है। भगवान राम के वनवास के दौरान लक्ष्मण के साथ न जा पाने वाली उर्मिला के जीवन, प्रतीक्षा, त्याग और साधना को लेखिका ने अपनी रचना का आधार बनाया है।
उपन्यास में उर्मिला को केवल अपने पति लक्ष्मण की प्रतीक्षा करने वाली स्त्री के रूप में नहीं, बल्कि एक जागरूक, धैर्यवान और साधनारत व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत किया गया है। उनकी मौन साधना और अयोध्या के प्रति उनकी भूमिका को नई दृष्टि से समझने का प्रयास किया गया है।
स्त्रियों को देवी ही नहीं, निर्णयकर्ता के रूप में देखने का संदेश
अपने उपन्यास के बारे में रेनू ‘अंशुल’ ने बताया कि उर्मिला की कथा स्त्रियों को केवल देवी के रूप में नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र व्यक्तित्व और निर्णयकर्ता के रूप में देखने, सुनने और महसूस करने का आमंत्रण देती है।
उन्होंने कहा कि यह केवल अपने पति लक्ष्मण की प्रतीक्षा करती एक स्त्री की कहानी नहीं है, बल्कि एक जागती हुई ऐसी साधिका की गाथा है, जो अपनी योगनिद्रा की चेतना बनकर अयोध्या का एक नया इतिहास बुनती है।
रेनू ‘अंशुल’ की यह साहित्यिक पहल पौराणिक कथाओं में मौजूद उन नारी पात्रों को नई पहचान देने का प्रयास है, जिनके योगदान और व्यक्तित्व पर अपेक्षाकृत कम चर्चा हुई है। उनके नए उपन्यास को मिली सराहना से आगरा के साहित्यिक जगत का भी मान बढ़ा है।