📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Hardoi Wife Murder Case: पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

हरदोई में पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या, 8 बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

उत्तर प्रदेश के हरदोई में घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। 52 वर्षीय पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। दंपति के आठ बच्चे हैं।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पाली थाना क्षेत्र के कछेलिया पुरवा गांव में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी 50 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक पति की पहचान 52 वर्षीय लालपूत राठौर और पत्नी की पहचान जनुका देवी (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

करवा चौथ के बाद फिर हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, लालपूत राठौर पेशे से राजमिस्त्री था। परिवार में कुल आठ बच्चे हैं, जिनमें छह बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। परिवार के कुछ बच्चे काम के सिलसिले में दिल्ली और पानीपत में रहते हैं।

बताया जा रहा है कि करवा चौथ की रात पूजा का सामान लाने को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शनिवार शाम दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी हो गई। पुलिस और ग्रामीणों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आपसी शक और पारिवारिक कलह को घटना की वजह माना जा रहा है।

चाकू से हमला करने के बाद ईंट से कुचला सिर

शनिवार शाम करीब 4:30 बजे लालपूत घर पहुंचा था। उस समय उसकी पत्नी जनुका देवी बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में लालपूत ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर कई वार किए। इसके बाद ईंट से उनका सिर और चेहरा कुचल दिया।

हमले में जनुका देवी की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद लालपूत घर के दूसरे कमरे में चला गया और रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

छोटे बेटे ने देखा खौफनाक मंजर

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार का छोटा बेटा घर पहुंचा। उसने बरामदे में मां का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। इसके बाद जब उसने घर के दूसरे कमरे में जाकर देखा तो पिता का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

बेटे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और ईंट बरामद की गई है।

सीओ शाहाबाद संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या करने और इसके बाद खुद आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद आठ बच्चों का परिवार बिखर गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top