📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Dr Jaisingh Neerad Literary Ceremony 2026: Literary Discussion and Felicitation on November 29

डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ के साहित्यिक योगदान पर होगा विशेष विमर्श, 29 नवंबर को आगरा में नागरिक अभिनंदन समारोह

आगरा। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था माधुर्य की ओर से आगरा के वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ के व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। ‘डॉ. जयसिंह नीरद : एक नाम, विविध आयाम’ शीर्षक से साहित्य विमर्श एवं नागरिक अभिनंदन समारोह 29 नवंबर, रविवार को दोपहर 1 बजे से खंदारी स्थित सेठ परमचंद जैन इंस्टीट्यूट में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं विद्वान डॉ. नीरद की साहित्यिक कृतियों पर चर्चा करेंगे। उनके लेखन, विचारों और साहित्यिक योगदान के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिए जाएंगे।

उपन्यास ‘नरक के सींग’ पर आधारित नाटक का होगा मंचन

समारोह का विशेष आकर्षण डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ के चर्चित उपन्यास ‘नरक के सींग’ पर आधारित नाटक होगा। शहर के रंगकर्मियों की ओर से इस नाटक का मंचन किया जाएगा।

इसके साथ ही डॉ. नीरद के व्यक्तित्व और साहित्यिक सफर पर केंद्रित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की जाएगी। इसके माध्यम से उनके जीवन और साहित्यिक योगदान के विभिन्न पहलुओं को सामने लाया जाएगा।

चार नवीन साहित्यिक कृतियों का होगा लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ की चार नवीन साहित्यिक कृतियों का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं की ओर से साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, यह समारोह साहित्य, रंगमंच और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से डॉ. नीरद के बहुआयामी व्यक्तित्व को समझने का अवसर प्रदान करेगा।

माधुर्य संस्था ने जारी किया कार्यक्रम का पोस्टर

कार्यक्रम की जानकारी मंगलवार को माधुर्य संस्था के राजदीप एन्क्लेव फेज-2, दयालबाग स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दी गई।

इस मौके पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष निशिराज, संरक्षक डॉ. राजेंद्र मिलन, संरक्षक आदर्श नंदन गुप्ता, सचिव सुधा वर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार जैन और दुर्गेश पांडेय ने समारोह की रूपरेखा साझा की। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के उद्देश्य से सभी ने मिलकर समारोह के पोस्टर का विमोचन भी किया।

साहित्यप्रेमियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील

पोस्टर विमोचन के दौरान रचनाकार डॉ. जयसिंह नीरद, रंगकर्मी पीयूष जैन, गिरधारी लाल शर्मा, संदीप अरोड़ा और कुमार ललित सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

माधुर्य संस्था ने शहर के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों, रंगकर्मियों और साहित्यप्रेमियों से 29 नवंबर को आयोजित समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top