आगरा में पल्स पोलियो अभियान को लेकर निकाली गई जागरूकता रैली, सीएमओ ने की दो बूंद पिलाने की अपील
22 नवंबर को चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान, पांच साल तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
आगरा। जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू हुई इस रैली को सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को पोलियो से बचाव और बच्चों को इसकी खुराक पिलाने का संदेश दिया गया।
यह रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से शुरू होकर आवास विकास सेक्टर-12 होते हुए वापस कार्यालय परिसर में समाप्त हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि पोलियो एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। बच्चों को इस बीमारी से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी उपाय उन्हें समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि 22 नवंबर को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं।
उन्होंने कहा कि अभिभावक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
जागरूकता रैली में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुल पारिख, जेएसआई संस्था से नितिन खन्ना, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. अमृता अग्रवाल और यूपीटीएसयू से मोना सिंह शामिल हुए।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों के प्रतिनिधि, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और अन्य सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों ने भी भागीदारी की।
घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
रैली के दौरान विभिन्न नारों और संदेशों के जरिए लोगों को बताया गया कि पोलियो से बचाव के लिए अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे को खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे टीकाकरण टीमों को सहयोग दें और अपने आसपास के सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलवाएं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के सफल संचालन के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। बूथ पर आने से छूटे बच्चों तक पहुंचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर अभियान चलाएंगी। जरूरत के अनुसार ट्रांजिट टीमों के माध्यम से भी बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और पांच वर्ष तक के हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं।