📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Constitutional Awareness Program Organised at St. Mary’s School, Mainpuri

सेंट मैरीज स्कूल में संविधान संवाद कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की दी गई जानकारी

मैनपुरी। संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से आश्रम रोड स्थित सेंट मैरीज स्कूल में संविधान संवाद के बैनर तले संवैधानिक जागरूकता एवं विधिक साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय संविधान के महत्व को समझा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डेमियन एंथनी के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। दो चरणों में आयोजित इस कार्यक्रम में भाषण, कानूनी ज्ञान, पोस्टर निर्माण और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं के साथ लघु नाटक का मंचन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान निर्माताओं और संविधान के प्रमुख स्रोतों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं दूसरे चरण में पॉक्सो अधिनियम, शिक्षा का अधिकार (आरटीई), सूचना का अधिकार (आरटीआई), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), लोक अदालत और निःशुल्क विधिक सहायता जैसे महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।

संवैधानिक जागरूकता, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर आयोजित भाषण गतिविधि में 15 विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ नागरिकों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला।

इसके अलावा कक्षा नौ और ग्यारह के 20 विद्यार्थियों ने लघु नाटक के माध्यम से संवैधानिक सुरक्षा उपायों, छह मौलिक अधिकारों, कानूनी जागरूकता और नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और कानून के प्रति जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया। नाटक की पटकथा उन्नति भदौरिया ने तैयार की, जबकि दोनों गतिविधियों का समन्वय मयंक सक्सेना और हर्ष देव ने किया।

कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माताओं, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संरक्षण जैसे विषयों पर पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोकतांत्रिक सिद्धांतों और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डेमियन एंथनी ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और कानूनी सुरक्षा उपायों की भी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों और उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की तथा उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक दीपक जी. दास, प्रधानाचार्या मनोरमा जी, एसोसिएट डायरेक्टर कुशाग्र दास, उपप्रधानाचार्य दिपांकर विश्वास, इंचार्ज कमलेश गेरा, शिवानी चौहान, संतोषी श्री, मयंक सक्सेना और हर्ष देव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देना और समाज में नशामुक्ति एवं विधिक साक्षरता का संदेश प्रसारित करना रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top