पुरानी पेंशन सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने भरी हुंकार, आगरा में किया धरना-प्रदर्शन
आगरा: पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आगरा में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चन्द्र शर्मा के निर्देश पर जिला संयोजक चौधरी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अनिल तेवतिया को सौंपा।
शिक्षक संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में प्रदेश के शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। साथ ही 1 अप्रैल 2005 से पहले चयनित, लेकिन बाद में कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान 27 जुलाई 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से राहत देने और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू न करने के लिए विधायी पहल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा शिक्षकों के शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों की सामूहिक जांच पर रोक लगाने और संबंधित शासनादेश को स्थगित करने की मांग की गई।
पदोन्नति और स्थानांतरण की मांग उठाई
शिक्षक संघ ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और गैर-TET शिक्षकों की पदोन्नति सुनिश्चित करने की मांग की। इसके साथ ही ब्रिज कोर्स परीक्षा में न्यूनतम उत्तीर्णांक की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
संगठन ने लंबित अंतरजनपदीय एवं पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने, 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने तथा मृतक आश्रितों को नियुक्ति प्रदान करने की मांग उठाई।
विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग
शिक्षक संघ ने विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति करने के साथ ही शिक्षकों को द्वितीय शनिवार का अवकाश और उपार्जित अवकाश की सुविधा देने की मांग भी रखी। संगठन का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने से प्रदेश के शिक्षकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।
धरने में सैकड़ों शिक्षक हुए शामिल
धरना-प्रदर्शन में सह संयोजक बृजेश शुक्ला, हरिओम यादव, केके इंदौलिया, अभय चौधरी, कमल नयन, भोला सिंह यादव, लक्ष्मण सिंह, अजय भदौरिया, पुनीत अरोड़ा, हाकिम पुष्कर, अमृतपाल, डॉ. अरविन्द यादव, राकेश गौतम, बाहुबली जैन, अजीत नौहवार, बृजेश नौहवार, अशोक शर्मा, वीरेन्द्र सोलंकी, लोकेंद्र मुद्गल, बनवारी लाल, अवनेश कुमार, पवन यादव, प्रदीप, रानू बहादुर, प्रशांत, जयवीर, अरविंद परिहार, केपी सोलंकी, अजय चाहर, राखी, इंदु आनंद, अनीता चाहर, डॉ. जगपाल चौधरी, बलदेव सिकरवार, दिनेश, सुमित गांधी, दिलीप सिंह, चंद्रशेखर, चतर सिंह, अशोक जादौन और विजयपाल नरवार सहित सैकड़ों शिक्षक शामिल रहे।
शिक्षक संघ ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका जल्द समाधान करने की अपील की।