गाजियाबाद में मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन, क्विज और निबंध में छात्रों ने दिखाया उत्साह
गाजियाबाद: मतदाता जागरूकता अभियान के तहत गाजियाबाद में स्कूली विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदाता जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
ELC (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों में पहले चरण में प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से निबंध प्रतियोगिता के लिए 10 और क्विज प्रतियोगिता के लिए 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस प्रकार सभी विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन विकास भवन गाजियाबाद स्थित दुर्गा देवी सभागार में किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तव और जिला विद्यालय निरीक्षक श्री बुद्ध प्रिय सिंह ने किया।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने मतदाताओं को जागरूक करने, मतदान के महत्व और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा संशोधन से संबंधित फॉर्म-4, फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के बारे में अपने विचार लिखे।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भागीदारी के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज और परिवारों तक मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाना भी रहा।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथियों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी इस तरह की जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।