रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकार के सवाल पर भड़क गए। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल पूछे जाने के दौरान पत्रकार ने ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर सांसद ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने पत्रकार से अपने शब्द वापस लेने को कहा और इसे पूरे मुस्लिम समुदाय का मजाक उड़ाने वाला बताया।
‘अब्दुल-अब्दुल क्या होता है?’
रामपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकार ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सवाल किया कि चुनाव आते ही राजनीतिक दल ‘अब्दुल’ को याद करते हैं, अब ‘अब्दुल’ कहां है? सवाल सुनते ही मोहिबुल्लाह नदवी ने पत्रकार को बीच में रोक दिया।
सांसद ने कहा कि ‘अब्दुल’ कहकर किसी समुदाय का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए। उन्होंने पत्रकार से अपने शब्द वापस लेने की मांग की। नदवी ने कहा कि देश के मुसलमान सम्मानित नागरिक हैं और उन्होंने देश के लिए लंबे समय से कुर्बानियां दी हैं।
पत्रकार से बोले- अपने शब्द वापस लीजिए
मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि किसी पूरे समुदाय को एक नाम के जरिए संबोधित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, सभी जगह अलग-अलग लोग मौजूद हैं। उनके मुताबिक, ‘अब्दुल’ जैसे शब्दों के जरिए लोगों को बरगलाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके सामने ‘अब्दुल’ नाम का इस्तेमाल न किया जाए और देश में मुसलमानों को किसी एक नाम के प्रतीक के तौर पर पेश करना ठीक नहीं है।
‘पत्रकारिता का एक स्तर होता है’
बातचीत के दौरान पत्रकार ने सांसद से सवाल करते हुए कहा कि ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल सबसे पहले उनकी ही पार्टी के स्थानीय नेता शानू फसाहत की ओर से किया गया था। इस पर मोहिबुल्लाह नदवी और नाराज हो गए।
उन्होंने पत्रकार से कहा कि सवाल अपने स्तर का पूछना चाहिए और पत्रकारिता का भी एक स्तर होता है। सांसद ने कहा कि प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय मुद्दों पर बात करने के लिए बुलाया गया है, इसलिए उन्हीं मुद्दों पर सवाल किए जाने चाहिए।
2027 चुनाव को लेकर क्या बोले नदवी?
प्रेस वार्ता में मोहिबुल्लाह नदवी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की तैयारियों पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की मजबूत स्थिति है और पार्टी आगामी चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन और पीडीए की सरकार बनने का भी दावा किया।
सांसद ने चुनाव आयोग और वोटों की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर भी बीजेपी और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट है।
रामपुर में उम्मीदवार पर भी दिया बयान
रामपुर में 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित सपा प्रत्याशी को लेकर भी सांसद ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब बंद कमरों में बैठकर रामपुर की राजनीतिक लीडरशिप तय करने का दौर नहीं है। जो भी चुनाव लड़ना चाहता है, उसे जनता के बीच जाना होगा और अपना समर्थन साबित करना होगा।
नदवी के मुताबिक, इसके बाद पार्टी नेतृत्व तय करेगा कि चुनाव लड़ने के लिए कौन सक्षम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की तरह आने वाले चुनाव में भी जनता अपना फैसला खुद करेगी।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी बड़ा दावा
इसी प्रेस वार्ता के दौरान सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन की सरकार बनने पर रामपुर में एम्स जैसा मेडिकल कॉलेज बनाने का दावा भी किया गया।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रमिल शर्मा ने भी गठबंधन धर्म निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी सीटों की मांग रखेगी, लेकिन नेतृत्व जिस उम्मीदवार को टिकट देगा, उसके लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।
‘अब्दुल’ शब्द पर फिर गरमाई यूपी की सियासत
उत्तर प्रदेश की राजनीति में ‘अब्दुल’ शब्द का इस्तेमाल कई बार मुस्लिम मतदाताओं के प्रतीकात्मक संदर्भ में किया जाता रहा है। ऐसे में रामपुर सांसद का पत्रकार के सवाल पर इस शब्द को लेकर आपत्ति जताना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
मोहिबुल्लाह नदवी के बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। मामला ऐसे समय सामने आया है जब सभी राजनीतिक दल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं और यूपी में गठबंधन, वोटर लिस्ट तथा मुस्लिम मतदाताओं से जुड़े मुद्दे लगातार राजनीतिक बहस का हिस्सा बने हुए हैं।