‘दृश्यम’ देखकर पिता की हत्या की साजिश, 2000 किलोमीटर दूर सूरत से गांव पहुंचा बेटा
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में पिता की हत्या के एक मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक रघुवीर सहनी की हत्या उनके बेटे शिव शंकर सहनी ने की थी। आरोपी ने कथित तौर पर बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रभावित होकर ऐसी साजिश रची, जिससे हत्या के समय उसकी मौजूदगी का पता न चल सके। वह गुजरात के सूरत से करीब 2000 किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंचा और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस सूरत लौट गया।
घर के बाहर सो रहे थे रघुवीर सहनी
मामला समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के दरवा गांव का है। 26 जुलाई की देर रात रघुवीर सहनी घर के दरवाजे के पास सो रहे थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने मृतक के परिवार और करीबियों की गतिविधियों के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगालना शुरू किया। इसी दौरान शक की सुई मृतक के बेटे शिव शंकर सहनी पर जाकर टिक गई।
‘दृश्यम’ से लिया मोबाइल बंद करने का आइडिया
पुलिस पूछताछ के अनुसार, शिव शंकर सूरत में रहने के दौरान फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रभावित हुआ था। उसने कथित तौर पर पुलिस को गुमराह करने के लिए अपना मोबाइल फोन सूरत से निकलने के दौरान बंद कर दिया।
उसकी योजना थी कि मोबाइल की आखिरी लोकेशन सूरत में ही मिले और पुलिस को यह लगे कि वह घटना के वक्त गुजरात में था। लेकिन इसी योजना में उसकी एक गलती पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई।
पत्नी को की गई कॉल से खुला राज
पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन की जांच की। जांच में सामने आया कि मोबाइल बंद करने से पहले शिव शंकर ने अपनी पत्नी से बातचीत की थी। हत्या वाली रात मोबाइल की लोकेशन पटोरी स्टेशन के आसपास मिली थी।
इसके बाद फोन फिर बंद हो गया। करीब 36 घंटे बाद जब मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो उसकी लोकेशन सूरत मिली। सूरत और पटोरी की लोकेशन के बीच सामने आए इस अंतर ने पुलिस का शक और मजबूत कर दिया।
सूरत से ट्रेन पकड़कर पहुंचा था गांव
पुलिस के मुताबिक, शिव शंकर सूरत से ट्रेन के जरिए पटना पहुंचा। इसके बाद वह हाजीपुर होते हुए पटोरी स्टेशन पहुंचा। रात में पटोरी उतरने के बाद वह कथित तौर पर गांव की ओर गया और घर के पीछे के रास्ते से दाखिल हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और सो रहे पिता पर हमला कर दिया। हत्या के बाद वह उसी रास्ते से वापस निकला और रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन के जरिए सूरत लौट गया।
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, शिव शंकर गांव की कुछ जमीन बेचना चाहता था, जबकि उसके पिता इसके पक्ष में नहीं थे। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने पिता और पत्नी के बीच विवाद तथा गाली-गलौज की बात भी बताई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ था बेटा
पिता की हत्या के बाद शिव शंकर के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने से भी परिवार और ग्रामीणों को शक हुआ। पुलिस ने उसके व्यवहार, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन समेत कई तकनीकी साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया।
तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम सूरत पहुंची और शिव शंकर को गिरफ्तार कर समस्तीपुर ले आई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सूरत से गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी शिव शंकर सहनी को सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में कॉल डिटेल, टावर लोकेशन, आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को भी जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि ‘दृश्यम’ की तर्ज पर मोबाइल बंद कर लोकेशन छिपाने की कोशिश के बावजूद आरोपी की एक फोन कॉल और तकनीकी जांच ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।