📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

आदिलाबाद RIMS आग: SNCU में आग लगने से 3 नवजात बच्चों की मौत

By yogesh jindoria | Published: Sep 22, 2026 11:16 AM

आदिलाबाद RIMS आग: SNCU में आग से 3 नवजात बच्चों की मौत, 20 से ज्यादा अस्पतालों में भर्ती

आदिलाबाद: तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सोमवार देर रात आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब यूनिट में कई नवजात बच्चे इलाज और निगरानी में थे। आग लगने के बाद वार्ड में धुआं भर गया, जिसके चलते अफरा-तफरी मच गई और बच्चों को तत्काल बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

रात करीब 11:40 बजे लगी आग

जानकारी के मुताबिक, आदिलाबाद RIMS के SNCU वार्ड में सोमवार रात करीब 11:40 बजे आग लगी। शुरुआती जानकारी में AC यूनिट में खराबी और शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह बताया गया है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। आग लगने के बाद वार्ड में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे नवजात बच्चों के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई।

तीन नवजात बच्चों की मौत

आग की इस घटना में अब तक तीन बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें एक पांच दिन का नवजात भी शामिल है। शुरुआती रेस्क्यू के दौरान एक प्रीमैच्योर बच्चे की मौत हुई थी। इसके बाद इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती एक और नवजात ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह निजामाबाद के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान 20 दिन की एक बच्ची की भी मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या तीन हो गई।

बच्चों को दूसरे अस्पतालों में किया गया शिफ्ट

हादसे के समय SNCU में बच्चों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं। शुरुआती प्रशासनिक जानकारी में 24 बच्चों के मौजूद होने की बात कही गई, जबकि बाद की रिपोर्टों में 27 से 30 नवजातों के यूनिट में होने का उल्लेख है। आग और धुएं के बाद बच्चों को RIMS के अलावा सुपर स्पेशियलिटी और आसपास के निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां वेंटिलेटर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध थीं।

कुछ नवजातों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कई बच्चों की हालत स्थिर होने के बाद उन्हें निगरानी में रखा गया है।

धुआं भरने के बाद मची अफरा-तफरी

AC में खराबी के बाद आग और धुआं फैलने लगा। अस्पताल के कर्मचारियों ने बिजली की सप्लाई बंद की और नवजात बच्चों को वार्ड से बाहर निकालना शुरू किया। धुआं अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन मुश्किल हो गया था। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बच्चों को बाहर निकालने के लिए वार्ड के शीशे भी तोड़े गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को अस्पताल के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया।

सीएम रेवंत रेड्डी ने दिए जांच के आदेश

हादसे के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया और मृत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों में भर्ती बच्चों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और उनकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घटना की वजह की जांच के आदेश भी दिए हैं।

RIMS प्रशासन ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग किस वजह से लगी और क्या अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में अगर किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद सरकारी अस्पतालों में फायर सेफ्टी और बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। SNCU जैसे संवेदनशील वार्ड में नवजात बच्चों को लगातार निगरानी और मेडिकल सपोर्ट की जरूरत होती है। ऐसे में आग और धुएं की स्थिति में तत्काल निकासी और वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है।

Scroll to Top