📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

iPhone 18 Pro स्नैचिंग: ग्रेटर नोएडा में युवती से नया फोन झपटा

By yogesh jindoria | Published: Sep 22, 2026 06:02 AM

iPhone 18 Pro स्नैचिंग: ‘क्या ये नया वाला आईफोन है?’ पूछकर युवती से झपटा फोन

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक युवती से नया iPhone 18 Pro झपटने का मामला सामने आया है। युवती ने यह फोन महज तीन दिन पहले खरीदा था। सुबह ऑफिस जाते समय वह ई-रिक्शा में बैठी थीं और ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए जैसे ही उन्होंने मोबाइल निकाला, बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे फोन छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। 

ई-रिक्शा से ऑफिस जा रही थीं युवती

घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में एक मूर्ति गोलचक्कर के पास हुई। सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सुबह ऑफिस जाने के लिए ई-रिक्शा से निकली थीं।

बताया गया है कि एक मूर्ति गोलचक्कर के पास उन्हें ई-रिक्शा चालक को ऑनलाइन पेमेंट करना था। इसी वजह से उन्होंने अपना मोबाइल फोन हाथ में निकाला। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।

पहले पता पूछा, फिर फोन देखकर की पहचान

पीड़िता के मुताबिक, बाइक सवार युवकों ने पहले उनसे एक पता पूछा। बातचीत के दौरान उनकी नजर युवती के हाथ में मौजूद मोबाइल पर पड़ी। बदमाशों ने पूछा कि क्या यह नया वाला iPhone है।

युवती ने जब हां में जवाब दिया, तो आरोपियों ने मौका देखकर उनके हाथ से फोन झपट लिया। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता को संभलने का मौका तक नहीं मिला। 

तीन दिन पहले ही खरीदा था iPhone 18 Pro

इस घटना में सबसे ज्यादा चर्चा फोन के बिल्कुल नया होने को लेकर है। पीड़िता के पति साकेत गुप्ता के मुताबिक, उनकी पत्नी ने iPhone 18 Pro सिर्फ तीन दिन पहले खरीदा था

नया फोन खरीदने के कुछ ही दिनों बाद उसके छिन जाने से परिवार परेशान है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और फोन बरामद करने की मांग की है।

Unboxing का वीडियो भी सामने आया

घटना के बाद पीड़िता का वह वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने पति के साथ नए iPhone 18 Pro की अनबॉक्सिंग करती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में परिवार नए फोन को लेकर उत्साहित नजर आ रहा था, लेकिन खरीदारी के महज तीन दिन बाद ही फोन स्नैचिंग का शिकार हो गया।

इस वीडियो के सामने आने के बाद घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।

पुलिस ने दर्ज की FIR, CCTV खंगाल रही

वारदात के बाद पीड़िता के पिता की ओर से बिसरख थाने में ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी रणजीत सिंह के मुताबिक, पुलिस फुटेज और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुरक्षा को लेकर सवाल

घटना के बाद इलाके में सुबह के समय पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बड़ी संख्या में लोग रोजाना सोसाइटियों से निकलकर ऑफिस और अन्य कामों के लिए ई-रिक्शा, कैब और निजी वाहनों से सफर करते हैं।

ऐसे में सड़क पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय लोगों के बीच स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर चिंता रहती है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी का इंतजार है।

 

Scroll to Top