📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

मथुरा 12 करोड़ चोरी का खुलासा, पूर्व कर्मचारी समेत 4 गिरफ्तार, 7.5 किलो सोना बरामद

By yogesh jindoria | Published: Sep 15, 2026 04:47 PM

मथुरा के कोसीकलां स्थित जुगल किशोर ज्वेलर्स में 13 सितंबर की रात हुई करीब 12 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दुकान के पूर्व कर्मचारी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.1 किलो से ज्यादा सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है।

पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की साजिश दुकान के पूर्व कर्मचारी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी ने रची थी। उसे दुकान की पूरी जानकारी थी और उसे पता था कि लॉकर और चाबियां कहां रखी जाती हैं। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने भाई मोहन सोनी और परिवार की दो महिलाओं को भी साजिश में शामिल किया।

छत काटकर दुकान में घुसा था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने दुकान की छत पर लगे लोहे के जाल को काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद गैस कटर की मदद से लॉक काटा और दुकान के अंदर पहुंच गया। आरोपी को लॉकर और अलमारियों की चाबियों के बारे में पहले से जानकारी थी। उसने लॉकर खोलकर सोने के आभूषण और नकदी निकाल ली और फिर सामान रखने की जगहों को पहले की तरह बंद कर दिया।

100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

वारदात के बाद पुलिस और एसटीएफ की 10 टीमों को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया था। टीमों ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने गोपाल बाग क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

7.1 किलो से ज्यादा सोना और 11 लाख कैश बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.120 किलो सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा लॉकर की चाबी, गैस कटर, वायर कटर, वारदात के समय पहने गए कपड़े, झोला और दुकान के CCTV की रिकॉर्डिंग वाला DVR भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर व्यापारी ने करीब 10 किलो सोना और 15 लाख रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी थी। बाद में दस्तावेजों की जांच और बरामदगी के बाद व्यापारी ने बताया कि उसका पूरा माल बरामद हो चुका है।

चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में पूर्व कर्मचारी पप्पू सोनी, उसके भाई और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

Scroll to Top