बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के एक अनोखे मामले का खुलासा करते हुए ट्रक में बने गुप्त चैंबर से करीब 1350 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, कंदवा थाना क्षेत्र में पुलिस को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद कंदवा थाना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक की सतह के अंदर लोहे से बना एक बड़ा सीक्रेट चैंबर दिखाई दिया। सामान्य जांच में यह हिस्सा आसानी से नजर नहीं आता था। पुलिस ने जब इस गुप्त चैंबर को खोला तो उसके अंदर शराब और बीयर की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस के अनुसार, गुप्त चैंबर से करीब 1354.8 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
लोकल दुकानों से खरीदकर होती थी तस्करी
पूछताछ में तस्करी के तरीके को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, तस्कर पहले हरियाणा और पंजाब से शराब लाकर बिहार भेजते थे। इस बार शराब की खेप स्थानीय दुकानों से खरीदकर जुटाई गई थी और उसे ट्रक में बनाए गए गुप्त चैंबर में छिपाकर बिहार ले जाने की तैयारी थी।
बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद दूसरे राज्यों से शराब पहुंचाने के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ट्रक में सीक्रेट चैंबर बनाकर शराब छिपाने का यह तरीका भी इसी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है।
पुलिस ने शराब की खेप और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की खेप बिहार में कहां पहुंचाई जानी थी।