📅 Loading Date & Time...
होम > मनोरंजन > न्यूज़

हनुमान अंश की टीम हुई सम्मानित, 52 दिनों में 401 करोड़ का कलेक्शन

By aonenewstv | Published: Sep 28, 2026 04:36 PM

हनुमान अंश की टीम हुई सम्मानित, 52 दिनों में 401 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

नई दिल्ली। साल 2026 में बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम को दिल्ली स्थित गांधी स्मृति में सम्मानित किया गया। इस मौके पर बीजेपी नेता विजय गोयल ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्या, बाल कलाकार विहान शेडगे और टीम के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। टीम को अंगवस्त्र और चरखा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान फिल्म को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की गई।

फिल्म की बॉक्स ऑफिस कमाई भी लगातार चर्चा में है। रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 52 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने दुनियाभर में करीब 401.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 307.03 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 362.70 करोड़ रुपये बताया गया है। 52वें दिन फिल्म ने भारत में करीब 9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।

गांधी स्मृति में हुआ सम्मान

गांधी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में निर्देशक एवं निर्माता विशाल चतुर्वेदी, अभिनेता शोभिनव सत्या, बाल कलाकार विहान शेडगे और फिल्म से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे। विजय गोयल की ओर से टीम को अंगवस्त्र और चरखा भेंट किया गया। मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

फिल्म में 13 वर्षीय बाल कलाकार विहान शेडगे ने नीम करौली बाबा के बचपन का किरदार निभाया है। कार्यक्रम के दौरान फिल्म को दर्शकों से मिल रहे रिस्पॉन्स और इसकी सफलता को लेकर भी चर्चा हुई।

विशाल चतुर्वेदी ने जताया दर्शकों का आभार

फिल्म को मिल रही सफलता पर विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि उनके लिए सिर्फ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि लोग फिल्म देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के गानों और भजनों को भी दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ‘पार्वती’ और ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ जैसे गानों का भी उन्होंने जिक्र किया।

अभिनेता शोभिनव सत्या ने अपनी एक्टिंग को मिल रहे प्यार का श्रेय दर्शकों के स्नेह और हनुमान जी की कृपा को दिया। कार्यक्रम के दौरान विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म का गाना ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ भी गाया।

‘हनुमान अंश 2’ पर क्या बोले निर्देशक?

कार्यक्रम में निर्देशक विशाल चतुर्वेदी से फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल ‘हनुमान अंश 2’ पर काम शुरू नहीं हुआ है और इसकी स्क्रिप्ट का पहला पन्ना भी अभी नहीं लिखा गया है।

निर्देशक के मुताबिक, टीम फिलहाल पहली फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त है। उन्होंने बताया कि करीब 45 दिनों से टीम अलग-अलग शहरों में जाकर फिल्म का प्रचार कर रही है और दर्शकों से मिल रहे प्यार को फिल्म की सफलता में अहम बताया।

नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म है, जिसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन से जुड़ी कहानी पर आधारित है। इसमें शोभिनव सत्या और विहान शेडगे समेत कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

Scroll to Top