📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

सेवा संकल्प अभियान: गाजियाबाद के गो आश्रय स्थलों पर विशेष गोसेवा, स्वच्छता और स्वास्थ्य अभियान

By aonenewstv | Published: Oct 01, 2026 10:46 AM

सेवा संकल्प अभियान के तहत गाजियाबाद में गो आश्रय स्थलों पर विशेष गोसेवा, स्वच्छता और स्वास्थ्य अभियान

गाजियाबाद। जनपद में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत 30 सितंबर 2026 को विभिन्न गो आश्रय स्थलों पर विशेष गोसेवा, स्वच्छता एवं पशु स्वास्थ्य अभियान संचालित किया गया। अभियान में पंचायती राज विभाग, नगर विकास विभाग, कृषि विभाग और पशुपालन विभाग के साथ एनजीओ ने समन्वय और सहयोग से विभिन्न गतिविधियां संचालित कीं।

गो आश्रय स्थलों पर चला स्वच्छता अभियान

अभियान के दौरान गो आश्रय स्थलों में विशेष साफ-सफाई कराई गई। गोवंश के रहने वाले स्थानों, परिसर और हौदियों की सफाई के साथ आवश्यक स्थानों पर चूने का छिड़काव भी कराया गया। गो आश्रय स्थलों को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। परिसर की सजावट भी कराई गई।

बीमार और कमजोर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण

गोवंश के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बीमार और कमजोर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। आवश्यकता के अनुसार पशुओं का उपचार और डीवार्मिंग भी कराई गई। पशु चिकित्सकों तथा विभागीय कर्मचारियों ने गोवंश की स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराईं।

गो पूजन कर खिलाए फल और गुड़

अभियान के दौरान गो आश्रय स्थलों पर गो पूजन भी किया गया। गोवंश को फल और गुड़ खिलाकर उनकी सेवा की गई। इसके अलावा हरा चारा, भूसा और दाना उचित मात्रा में मिलाकर गोवंश को खिलाया गया, ताकि उन्हें पौष्टिक और संतुलित आहार उपलब्ध कराया जा सके।

विभागों और एनजीओ ने की सहभागिता

अभियान में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एनजीओ प्रतिनिधियों तथा गो आश्रय स्थलों से जुड़े कर्मियों ने सहभागिता की। सभी ने गोवंश की सेवा, स्वच्छता और स्वास्थ्य से संबंधित कार्यों में सहयोग किया।

गोवंश संरक्षण और स्वास्थ्य पर जोर

अभियान का उद्देश्य गो आश्रय स्थलों में स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के साथ गोवंश के समुचित भरण-पोषण एवं स्वास्थ्य संरक्षण को प्रभावी बनाना है। जनपद में गोवंश के संरक्षण, स्वास्थ्य और भरण-पोषण के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, “सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से गो आश्रय स्थलों पर स्वच्छता, चिकित्सा, पोषण और गोसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे भी जारी रखा जाएगा।

Scroll to Top