📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसा: अर्टिगा ट्रक से टकराई, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, कई घायल

By aonenewstv | Published: Oct 07, 2026 10:18 AM

सुल्तानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे हादसा: अर्टिगा ट्रक में पीछे से घुसी, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। धनपतगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा कार में कुल छह लोग सवार थे। सभी लखनऊ में टेनिस खेलकर देवरिया लौट रहे थे। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास बुधवार तड़के करीब 5 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में कार की रफ्तार काफी तेज होने की बात सामने आई है। घायल खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान कार में सवार कई लोग सो रहे थे और उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

तीन खिलाड़ियों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। तीनों देवरिया के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं घायलों में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।

घायलों को यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें पहले कुमारगंज के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या के मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

अज्ञात ट्रक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से निकल गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Scroll to Top