📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

सुल्तानपुर जेल में कैदी ने आत्महत्या: नीम के पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय विचाराधीन कैदी

By aonenewstv | Published: Sep 29, 2026 07:38 AM

सुल्तानपुर जेल में कैदी ने आत्महत्या, नीम के पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय विचाराधीन कैदी

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिला कारागार में 21 वर्षीय विचाराधीन कैदी की मौत का मामला सामने आया है। कैदी का शव जेल परिसर में एक नीम के पेड़ से लटका मिला। जेल प्रशासन के मुताबिक, उसने बेडशीट से फंदा बनाया था। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बैरक के पीछे पेड़ से लटका मिला शव

मृतक की पहचान बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र के अहिरन का पुरवा मजरे सुबेहा निवासी अमित कुमार उर्फ बड्डे यादव (21) के रूप में हुई है। जेल प्रशासन के अनुसार, अमित कुमार बैरक नंबर-3 में बंद था।

घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की बताई गई है। आरोप है कि अमित ने बैरक में बिछाने वाली चादर को फाड़कर फंदा बनाया और बैरक के पीछे स्थित नीम के पेड़ से लटक गया। कुछ कैदियों की नजर पेड़ पर पड़ी तो उन्होंने इसकी जानकारी जेल कर्मियों को दी।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद जेल अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह, कोतवाली नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

31 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी

अधिकारियों के मुताबिक, अमित कुमार को 31 अगस्त 2026 को अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ अपहरण और छेड़छाड़ समेत पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शिकायत मिलने के बाद अमित को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पहले भी दर्ज था मामला

रिपोर्ट के अनुसार, अमित कुमार के खिलाफ इससे पहले भी छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद भी चल रहा था। हालांकि, जेल में हुई मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी जांच की जा रही है।

 

Scroll to Top