कालकाजी में प्रॉपर्टी डीलर की पीट-पीटकर हत्या, भाई भी घायल; बहन ने लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में शनिवार देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मंजीत सिंह उर्फ बंटी घड़ियाल के रूप में हुई है। घटना कालकाजी थाना क्षेत्र के एल-8 इलाके की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी से जुड़े किसी मामले को लेकर मंजीत सिंह का कुछ लोगों से विवाद हुआ, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मंजीत सिंह की पीट-पीटकर हत्या की गई। घटना के दौरान उनका छोटा भाई भी घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
प्रॉपर्टी के सिलसिले में L ब्लॉक पहुंचे थे मंजीत
मिली जानकारी के अनुसार मंजीत सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। शनिवार देर रात वह कालकाजी के एल-8 इलाके में स्थित एक प्रॉपर्टी पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान मंजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ रिपोर्टों के अनुसार वह नीचे गिर पड़े और बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि मौत मारपीट के दौरान लगी चोटों से हुई या गिरने की वजह से।
भाई भी हमले में घायल
घटना के दौरान मंजीत सिंह के भाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। उन्हें चोटें आई हैं और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के भाई दिलबाग ने बताया कि परिवार को शनिवार देर शाम मंजीत के साथ झगड़े की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ एल-8 पहुंचे। वहां मंजीत सड़क पर घायल अवस्था में पड़े मिले।
बहन ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप
मंजीत सिंह की बहन ने आरोप लगाया कि उनके भाई के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उनका कहना है कि जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, तब भी मंजीत के साथ मारपीट की जा रही थी।
बहन के मुताबिक, आरोपियों ने उनके छोटे भाई पर भी हमला किया। इसके बाद घायल मंजीत और उनके भाई को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने मंजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भाई का इलाज किया गया।
परिवार का कहना है कि मंजीत सिंह प्रॉपर्टी के काम से जुड़े थे और इसी सिलसिले में वह एल-8 पहुंचे थे। मृतक के दो बच्चे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद कालकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही गई है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी
कालकाजी जैसे पॉश इलाके में देर रात हुई इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।