औरैया में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 19 तमंचे और 38 कारतूस बरामद
रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
औरैया। दिबियापुर थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मलकापुर गांव के खेतों में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ट्यूबवेल के पास छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से 19 तैयार तमंचे, 12 अधबने तमंचे, 38 कारतूस और शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को दिबियापुर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मलकापुर गांव के खेतों में बने एक ट्यूबवेल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से तमंचे बनाने का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति विद्युत ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर वेल्डिंग मशीन और ग्राइंडर की मदद से तमंचे तैयार करता मिला। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे करीब शाम 5:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार राजपूत (51) पुत्र सालिगराम निवासी नंदपुर, थाना दिबियापुर, औरैया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 14 तमंचे .315 बोर, दो तमंचे .12 बोर, दो अधिया .315 बोर और एक अधिया .12 बोर बरामद किए। इस तरह कुल 19 तैयार शस्त्र पुलिस के हाथ लगे। इसके अलावा 12 अधबने तमंचे भी बरामद किए गए।
38 कारतूस भी बरामद
पुलिस ने मौके से 16 जिंदा और 16 खोखा कारतूस .315 बोर तथा चार जिंदा और दो खोखा कारतूस .12 बोर बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कुल 38 कारतूस बरामद हुए हैं।
शस्त्र बनाने के उपकरण मिले
छापेमारी के दौरान पुलिस को अवैध शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी मिले। इनमें 12 लोहे की नाल, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, स्प्रिंग, ट्रिगर, ग्राइंडर के पत्ते, आरी, रेती, वेल्डिंग मशीन, डाई और हथौड़ा समेत अन्य सामान शामिल हैं।
पैसों के लालच में बनाता था तमंचे
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पैसों के लालच में अवैध तमंचे बनाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वेल्डिंग का काम करने की आड़ में हथियार तैयार करता था और उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों में महंगे दामों पर बेचता था।
आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दिबियापुर में मु0अ0सं0 400/2026, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में आपराधिक इतिहास दर्ज है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध राजेश कुमार, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस सेल उपनिरीक्षक समित चौधरी मय टीम तथा चौकी प्रभारी हरचंदपुर उपनिरीक्षक आनंद कुमार शर्मा मय हमराह शामिल रहे।
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की बाइट भी जारी की गई है।