📅 Loading Date & Time...
होम > राज्य > न्यूज़

इटावा में सफाई मित्र सम्मान समारोह, सैकड़ों सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान

By aonenewstv | Published: Oct 03, 2026 05:02 AM

इटावा में सफाई मित्र सम्मान समारोह, सैकड़ों सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान

रिपोर्ट: संवाददाता

इटावा, 2 अक्टूबर 2026। नगर पालिका परिषद इटावा और आईटीसी मिशन सुनहरा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को नगर पालिका परिषद सभागार में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत ‘सफाई मित्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई।

समारोह में नगर पालिका क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैकड़ों सफाई मित्रों और सफाई नायकों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद सफाई कर्मियों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति संटू गुप्ता ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने संबोधन में सफाई मित्रों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और उनके बिना स्वच्छ इटावा की कल्पना नहीं की जा सकती।

अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा ने भी सफाई कर्मियों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर पालिका सफाई कर्मियों के हितों के लिए लगातार काम करती रहेगी।

ब्रांड एंबेसडरों को भी किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक एन.एल. कुशवाह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विशाल, डीपीएम सुनील कुमार तथा स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर डॉ. हरिशंकर पटेल, आलोक दीक्षित, डॉ. आशीष त्रिपाठी, सौम्या वर्मा तरुण और सुजीत कुमार समेत अन्य लोगों को प्रतीक चिह्न और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा आईटीसी के क्लस्टर सुपरवाइजर विवेक सिंह और परियोजना विश्लेषक जियो स्टेट सहित अन्य गणमान्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।

ब्रांड एंबेसडरों ने की सफाई मित्रों की सराहना

स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडरों ने सफाई मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सफाई कर्मी निस्वार्थ भाव से दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं। उनके प्रयासों से इटावा में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन स्वच्छ भारत मिशन की टीम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों और सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अंशुल, आसिफ, रोहित सहित नगर पालिका परिषद के समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

Scroll to Top