📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Dhara Sahitya Utsav Agra Concludes with Sudhir Narayan’s Bhajan and Ghazal Performance

धरा साहित्य उत्सव का रंगारंग समापन, सुधीर नारायण के भजन और गजलों ने बांधा समां

आगरा। धरा चेतना फाउंडेशन की ओर से हीराबाग कॉलोनी के पार्क में आयोजित दो दिवसीय धरा साहित्य उत्सव का शुक्रवार को रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह में साहित्यिक विमर्श, शास्त्रीय नृत्य और भजन-गजल संध्या का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक सुधीर नारायण की प्रस्तुति रही। उन्होंने संत कबीर, सूरदास और नज़ीर अकबराबादी की रचनाओं के साथ मिर्जा गालिब की गजलों को सुरों में पिरोकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में साहित्य उत्सव जैसे आयोजन समाज को बौद्धिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने धरा चेतना फाउंडेशन के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना की। मुख्य अतिथि का स्वागत स्वामीबाग नगर पंचायत के अध्यक्ष सतीश चौहान ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में दयालबाग नगर पंचायत की अध्यक्ष गुरु प्यारी मेहरा मौजूद रहीं।

समय, समाज और साहित्य विषय पर हुआ बौद्धिक विमर्श

उत्सव के दूसरे दिन दोपहर में ‘समय, समाज और साहित्य’ विषय पर विशेष बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया। इसमें बदलते सामाजिक परिवेश में साहित्य की भूमिका और समकालीन चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान हिंदी के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

समापन समारोह की शुरुआत दीपाली सिंह और बरखा सिंह के निर्देशन में शास्त्रीय नृत्यांगनाओं की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद सुधीर नारायण ने अपने साथी कलाकारों के साथ भजन और गजल संध्या प्रस्तुत की।

कबीर के भजनों ने दिया आध्यात्मिक संदेश

सुधीर नारायण और उनके साथी कलाकारों ने कार्यक्रम की शुरुआत संत कबीर के प्रसिद्ध निर्गुण भजन ‘मोरी चुनरी में परि गयो दाग पिया’ से की।

इस भजन में पांच तत्वों से बने मानव शरीर को चुनरी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें मोह-माया और सांसारिक विकारों को शरीर पर लगे दाग का प्रतीक बताया गया है। भजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आत्मज्ञान और प्रभु की कृपा से ही मनुष्य अपने जीवन को निर्मल बना सकता है।

इसके बाद संत कबीर का लोकप्रिय भजन ‘जरा धीरे-धीरे गाड़ी हांको, मेरे राम गाड़ी वाले’ प्रस्तुत किया गया। इस भजन में जीवन की नश्वरता और मनुष्य की सांसारिक यात्रा का आध्यात्मिक चित्रण किया गया है। इसकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

सूरदास और नज़ीर अकबराबादी की रचनाओं ने मोहा मन

भजन संध्या में इसके बाद भक्तिकाल के प्रसिद्ध कवि सूरदास की रचना ‘चरण कमल बंदौ हरि राई’ प्रस्तुत की गई। भगवान श्रीहरि के चरणों की महिमा का गुणगान करती इस रचना ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुतियों में 18वीं शताब्दी के प्रसिद्ध शायर नज़ीर अकबराबादी की मशहूर नज़्म ‘बंजारा-नामा’ शामिल रही। इसकी प्रसिद्ध पंक्तियां ‘सब ठाठ पड़ा रह जावेगा, जब लाद चलेगा बंजारा’ के माध्यम से जीवन की नश्वरता और सांसारिक मोह-माया के व्यर्थ होने का संदेश दिया गया।

सुधीर नारायण के साथ सहगायकों में प्रीति, खुशी, गति सिंह और अक्षय प्रताप सिंह शामिल रहे। वाद्य यंत्रों पर भानु प्रताप सिंह, राजू पांडेय, सुरेश, आशु और अक्ष ने संगत की।

कलाकारों का स्वागत फाउंडेशन की अध्यक्ष दीपाली सिंह, सचिव अक्षय प्रताप सिंह, संयोजक गति सिंह, कोषाध्यक्ष बरखा सिंह और स्वामीबाग नगर पंचायत के पार्षदों ने किया। कार्यक्रम के सभी सत्रों का मंच संचालन श्रुति सिन्हा ने किया।

इस अवसर पर डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, डॉ. आनंद राय, डॉ. महेश धाकड़, नरेश तन्हा, निकिता श्रीवास्तव और फेलिक्स मसीह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

‘शिक्षा का महत्व’ नाटक का हुआ मंचन

साहित्य उत्सव के दौरान ‘शिक्षा का महत्व’ नामक नाटक का भी मंचन किया गया। पिंकी द्वारा लिखित इस नाटक का निर्देशन रोहित चौहान ने किया। नाटक के माध्यम से शिक्षा के महत्व और समाज में उसकी उपयोगिता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

बॉक्स: एआई को साधन बनाएं, साध्य नहीं; मानवीय बुद्धिमत्ता को खत्म न होने दें

धरा साहित्य उत्सव में ‘समय, समाज और साहित्य’ विषय पर आयोजित विशेष सत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव और मानवीय बुद्धिमत्ता की उपयोगिता पर भी चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि एआई को साधन के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए, साध्य नहीं बनाना चाहिए। तकनीक का उपयोग ज्ञान और रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, लेकिन इसके कारण मनुष्य की मौलिक सोच, विवेक, संवेदना और कल्पनाशीलता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में मानवीय बुद्धिमत्ता और स्वतंत्र चिंतन को बनाए रखना बेहद जरूरी है। तकनीक मनुष्य की सहायक होनी चाहिए, न कि उसकी सोच और रचनात्मक क्षमता का विकल्प।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top