📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

Gram Rojgar Sevak Protest 2026: Employees Announce Work Boycott and Lucknow Assembly Gherao

लंबित मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों में आक्रोश, कार्य बहिष्कार का ऐलान

27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर करेंगे प्रदर्शन, 3 दिसंबर को प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवक लखनऊ विधानसभा का करेंगे घेराव

मैनपुरी। लंबित मांगों पर शासन और विभाग की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से ग्राम रोजगार सेवकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अपनी मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार करने का फैसला लिया है। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।

ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के अनुसार, 13 नवंबर को ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त के साथ हुई वार्ता में समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान सहित अन्य विभागीय समस्याओं पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मांग

संघर्ष मोर्चा ने निर्णय लिया है कि प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सेवक विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कार्य बहिष्कार करेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना और ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है।

मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों को शासन और विभाग के सामने रखा जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। यदि मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कार्य बहिष्कार को अनिश्चितकालीन किया जाएगा।

27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन की रणनीति भी तैयार कर ली है। इसके तहत 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर 3 दिसंबर को प्रदेशभर के हजारों ग्राम रोजगार सेवक लखनऊ पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगे।

अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग

संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित समस्याओं का सकारात्मक और समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना चाहिए।

पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन और विभाग ने उनकी मांगों की अनदेखी जारी रखी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और विभाग की होने की बात कही है।

ग्राम रोजगार सेवकों के इस फैसले से प्रदेश में रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। अब देखना होगा कि आंदोलन से पहले शासन और विभाग की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम उठाया जाता है या नहीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top