यूपी बीजेपी की 209 उम्मीदवारों की लिस्ट फाइनल होने की खबर पर पंकज चौधरी का बयान, बोले- नहीं हुई कोई बैठक
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच बीजेपी के 209 उम्मीदवारों की सूची फाइनल होने की खबर ने सियासी चर्चाओं को बढ़ा दिया। हालांकि, यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस दावे को खारिज कर दिया है। कन्नौज में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद उन्होंने उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए ऐसी कोई बैठक नहीं की है।
पंकज चौधरी ने बताया कि बीजेपी में उम्मीदवारों के चयन की एक निर्धारित प्रक्रिया है। सबसे पहले जिला और क्षेत्रीय स्तर पर संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर सुझाव जुटाए जाते हैं। इसके बाद इन सुझावों को प्रदेश स्तर पर भेजा जाता है, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी उन पर विचार करते हैं। आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामों को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जाता है और पार्टी का संसदीय बोर्ड अंतिम फैसला लेता है।
इस दौरान पंकज चौधरी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी कोई परिवार आधारित पार्टी नहीं है, जहां एक व्यक्ति अपनी मर्जी से फैसले कर सके। यहां संगठन की व्यवस्था और सामूहिक विचार-विमर्श के आधार पर निर्णय लिए जाते हैं।
दरअसल, मीडिया रिपोर्टों में दावा किया जा रहा था कि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 209 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए हैं। इन नामों को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजे जाने की भी चर्चा थी। हालांकि, पंकज चौधरी के बयान के बाद इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी संगठनात्मक तैयारियों में जुटी है। वहीं, उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कर दिया है कि 209 उम्मीदवारों की सूची फाइनल होने की खबर सही नहीं है।