बागपत में पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप, पड़ोसी ने चाकू से गोदकर की युवक की हत्या, तालाब में फेंका शव
उत्तर प्रदेश के बागपत में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी ने युवक को रास्ते में घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और हत्या के बाद उसका शव पास के तालाब में फेंक दिया। इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोपी की पत्नी पर भी घटना के दौरान मौके पर मौजूद रहने का गंभीर आरोप लगाया है।
मामला बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के सरूरपुर कलां गांव का है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। कपिल गांव में अपने परिवार के साथ रहता था और मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था। आरोप है कि उसके पड़ोसी छोटू उर्फ जोगिंदर ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।
दिवाली पर पटाखे जलाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक, दिवाली की रात कपिल अपने घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान एक पटाखा पड़ोसी जोगिंदर के घर की तरफ चला गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जोगिंदर ने कपिल के साथ मारपीट की और तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी आंख के ऊपर चोट आई थी।
घटना के बाद गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। हालांकि, आरोप है कि समझौते के बावजूद जोगिंदर के मन में कपिल के प्रति रंजिश बनी हुई थी।
रास्ते में घेरकर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम कपिल खेत में धान की कटाई का काम करके घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में जोगिंदर ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। पहले उसके साथ कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद आरोपियों ने कपिल पर चाकू से कई वार कर दिए।
चाकू के हमले में कपिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि वारदात के बाद हमलावरों ने उसके शव को उठाकर पास के तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
तालाब में दिखाई दिया पैर, ऐसे हुआ हत्या का खुलासा
काफी देर तक कपिल के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग परेशान थे। इसी बीच उसका भाई तालाब में कचरा डालने पहुंचा। वहां पानी में एक युवक का पैर दिखाई दिया। शक होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया।
लोगों ने तालाब में जाकर देखा तो वहां कपिल का शव पड़ा था। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला। परिवार के लोग उसे जिंदा समझकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
कपिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी तनाव का माहौल बन गया।
आरोपी की पत्नी पर भी परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हत्या के दौरान जोगिंदर की पत्नी भी उसके साथ मौजूद थी। परिवार का दावा है कि वह अपने पति को कपिल पर चाकू से हमला करते हुए देखती रही। आरोप यह भी है कि हत्या के बाद शव को तालाब में फेंकने के दौरान भी वह मौके पर मौजूद थी।
हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता महेशपाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी जोगिंदर उर्फ छोटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीओ बागपत डॉ. सुकन्या शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। वहीं, दोनों परिवारों के घर आसपास होने और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।