कैथल में भीषण सड़क हादसा, नहर की पुलिया से टकराई कार; तीन युवकों की दर्दनाक मौत
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में पाई और सिसमोर गांव के बीच एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
देर रात करीब 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 2 बजे पाई और सिसमोर के बीच हुआ। कार में सवार तीनों युवक गांव करोड़ा के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीन युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
खेत में जीरी झाड़ने के बाद निकले थे युवक
परिजनों के अनुसार, तीनों युवक खेत में जीरी झाड़ने के बाद गांव करोड़ा से कैथल की ओर जा रहे थे। उन्हें नरेंद्र के घर भी जाना था। इसी दौरान रास्ते में पाई और सिसमोर के बीच उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवदीप पुत्र बलबीर (19), प्रदीप पुत्र कर्मबीर (27) और अजय पुत्र सत्यवान (22) के रूप में हुई है। तीनों की असमय मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सामने से आ रही गाड़ी की लाइट पड़ने से बिगड़ा संतुलन
परिजनों ने बताया कि हादसे के समय सामने से एक गाड़ी आ रही थी। उसकी तेज लाइट कार चालक की आंखों पर पड़ी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार तीनों युवकों की जान चली गई।
गांव में पसरा मातम
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत की खबर से करोड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। कम उम्र में तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।