📅 Loading Date & Time...
A One News Menu ✕

लोनी मतदाता जागरूकता अभियान: घर-घर जाकर होगा मतदाता सूची में पंजीकरण

लोनी में मतदाता सूची सुधारने के लिए डोर-टू-डोर अभियान जारी, वोटर आईडी और एड्रेस स्टीकर का किया निरीक्षण

ईआरओ दीपक सिंघनवाल ने दिए सत्यापन के निर्देश, फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे पात्र नागरिक

गाजियाबाद। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और अपनी जानकारी में सुधार कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को एसडीएम लोनी, ईआरओ एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सिंघनवाल ने अपने कार्यालय में मतदाता फोटो पहचान पत्रों (ईपीआईसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पहचान पत्रों पर अंकित नाम और अन्य विवरणों का संबंधित एड्रेस स्टीकर पर दर्ज जानकारी से मिलान किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता पहचान पत्रों के मुद्रण और आपूर्ति से पहले पीडीएफ डाटा तथा एड्रेस स्टीकर का रैंडम आधार पर सत्यापन किया जाए। इसके साथ ही संबंधित फर्म से प्राप्त वोटर किट में मतदाता पहचान पत्र और एड्रेस स्टीकर पर दर्ज विवरणों का भी अच्छी तरह मिलान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मतदाता को गलत या त्रुटिपूर्ण पहचान पत्र प्राप्त न हो।

फॉर्म-6 से करा सकते हैं मतदाता सूची में नाम दर्ज

ईआरओ दीपक सिंघनवाल ने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य व्यक्तिगत विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है।

बीएलओ को घर-घर संपर्क करने के निर्देश

एसडीएम ने अभियान में लगे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और अन्य संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करें। लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें और उन्हें मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि अभियान में तैनात सभी संबंधित कार्मिक लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top