दिल्ली और ग्रेटर नोएडा जाने वाले सावधान, 9 अक्टूबर को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक डायवर्जन
नोएडा। दिल्ली और ग्रेटर नोएडा आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए 9 अक्टूबर को सफर प्रभावित हो सकता है। नोएडा के सेक्टर-95 स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर कांशीराम परिनिर्वाण दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर आने-जाने वाले लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपना रूट प्लान कर लें और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
इन रास्तों पर किया जाएगा ट्रैफिक डायवर्ट
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कालिंदी कुंज की ओर से दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की तरफ जाने वाले वाहन सेक्टर-37 से अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों पर दलित प्रेरणा स्थल के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में महामाया फ्लाईओवर से सेक्टर-37 की ओर डायवर्जन किया जाएगा। इसके बाद वाहन सेक्टर-37, अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होते हुए आगे जा सकेंगे।
यदि दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर 4 और 5 के आसपास ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तो ग्रेटर नोएडा से नोएडा आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन सेक्टर-18, रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर या सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा जाने वाले वाहनों के लिए भी जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रूट निर्धारित किया गया है। डीएनडी और फिल्मसिटी फ्लाईओवर के पास ट्रैफिक बढ़ने की स्थिति में वाहनों को सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन रजनीगंधा चौक, अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था भी की है।
- दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर से कार्यक्रम में आने वाले हल्के वाहन फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।
- परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर-95 गंदा नाला के पास राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई है।
- सेक्टर-60 और सेक्टर-18 की ओर से आने वाले हल्के वाहनों के लिए सेक्टर-38ए स्थित गॉर्डन गैलेरिया के पास बनी पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी अनुमति
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों, जैसे एंबुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन के दौरान धैर्य रखें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा से पहले अपना रूट प्लान कर लें। किसी तरह की यातायात संबंधी परेशानी होने पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।