📅 Loading Date & Time...
होम > ब्रेकिंग > न्यूज़

अयोध्या फर्जी सिपाही गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर करता था अवैध वसूली

By aonenewstv | Published: Sep 28, 2026 08:52 AM

अयोध्या में फर्जी सिपाही गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर करता था अवैध वसूली

अयोध्या में कोतवाली अयोध्या पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को सिपाही बताता था और दुकानदारों, व्यापारियों व आम लोगों पर पुलिसिया रौब दिखाकर अवैध वसूली करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 7,500 रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम मिश्रा (26) के रूप में हुई है। वह बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अयोध्या रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के बाजारों में पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी पहनकर घूमता था।

बताया गया है कि आरोपी पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों पर अपना प्रभाव जमाता था। जांच के नाम पर लोगों से रुपये वसूलने का आरोप भी उस पर है। इतना ही नहीं, आरोपी ने एक व्यक्ति को खुद को पुलिसकर्मी बताकर धोखे से उसका मोबाइल फोन भी ले लिया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली अयोध्या पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को आरोपी के संबंध में जानकारी मिलने के बाद 27 सितंबर को बड़ी छावनी मोड़, परिक्रमा मार्ग के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस टीम ने सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग लोगों से अवैध रूप से वसूली गई रकम में से कुल 7,500 रुपये भी बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं है और इसके बावजूद पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था। पुलिस ने बरामद सामान और रकम को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली अयोध्या पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया।

Scroll to Top