उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अफजलगढ़ में दो भैंस चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात हरेवली रोड पर चेकिंग के दौरान चोरी की भैंसों को पिकअप में ले जा रहे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हुआ।
मामला 16 सितंबर का है। अफजलगढ़ के बेगम सराय मोहल्ला निवासी इकरामुद्दीन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घेर का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी कर ली गई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात हरेवली रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की गई भैंसों को एक पिकअप वाहन में ले जाया जा रहा है। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक वाहन को तेज रफ्तार से बिरला फार्म की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गया।
पीछा करने के दौरान पिकअप एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद वाहन में सवार आरोपी नीचे उतरकर भागने लगे और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। तीसरा आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांस्टेबल मोहित भी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ भेजा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकिब पुत्र रहीस निवासी रुड़की, इरशाद पुत्र रशीद निवासी नया गांव, थाना कांठ, बिजनौर और शहजाद पुत्र शौकत निवासी रुड़की के रूप में बताई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बेगम सराय से दोनों भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दोनों भैंसों के अलावा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया है। साथ ही दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस ने मुठभेड़ और हथियार बरामदगी के संबंध में अफजलगढ़ थाने में अलग मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, चोरी की दोनों भैंस बरामद होने के बाद पहले से दर्ज चोरी के मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।