📅 Loading Date & Time...

Heavy Rain Flood Alert: कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार, उत्तराखंड में 7 मौतें; यूपी-झारखंड में बाढ़ का अलर्ट

Heavy Rain Flood Alert: कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार, उत्तराखंड में 7 मौतें; यूपी-झारखंड में बाढ़ का अलर्ट

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और जलभराव जैसे हालात बने हुए हैं। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। अलग-अलग हादसों में अब तक 7 लोगों की मौत की खबर है। प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।

AdvertisementAdvertisement

उत्तराखंड में भारी बारिश से बिगड़े हालात

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भारी बारिश के बाद गौला नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। हालात को देखते हुए हल्द्वानी से गौला नदी में करीब 27 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

इसका असर ऊधम सिंह नगर के कई इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। किच्छा, पुलभट्टा, शांतिपुरी और सूर्यनगर में प्रशासन की ओर से सतर्कता बढ़ाई गई है। लोगों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

खटीमा में कई परिवार जलभराव की चपेट में

ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के वनगांव में खकरा नदी का जलस्तर बढ़ने से दो दर्जन से अधिक परिवार प्रभावित हुए हैं। कई घरों के आसपास पानी भर गया है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन, SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रभावित परिवारों में से कुछ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। प्रशासन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पौड़ी में मां-बेटी नदी में बहीं

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में भी भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां मां और बेटी के नदी में बहने की खबर है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कई इलाकों में खतरा बना हुआ है।

प्रशासन और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

अल्मोड़ा में मलबे में दबकर 5 लोगों की मौत

अल्मोड़ा जिले में बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत की खबर है। हवालबाग के उदयुड़ा गांव में एक मकान पर मलबा गिरने से हादसा हुआ।

बारिश के बाद पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। SDRF के जवान प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ऋषिकेश में बिन नदी उफान पर

ऋषिकेश में भी लगातार बारिश के कारण बिन नदी उफान पर है। नदी के पास बने कॉजवे में पानी लबालब भर गया है। इसके बावजूद आसपास लोगों की आवाजाही और भीड़ देखने को मिली।

प्रशासन ने लोगों को नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की चेतावनी दी है। वहीं, गरमपानी, खैरना, बेतालघाट और रामनगर समेत कई इलाकों में भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यूपी के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गंगा नदी खतरे के निशान से करीब 1.60 मीटर ऊपर बह रही है। प्रशासन के मुताबिक बुधवार सुबह तक जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।

गंगा किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

सीएम योगी ने बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई निरीक्षण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बलिया समेत गंगा किनारे के कई इलाकों में पानी बढ़ने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

वाराणसी में गंगा खतरे के निशान के करीब

वाराणसी में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। भारी बारिश के बाद अस्सी घाट के आसपास के रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर

चित्रकूट में भी भारी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। यहां मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी उफान पर है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है।

झारखंड के 10 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट

झारखंड में भी भारी बारिश के बाद हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। इनमें गढ़वा और पलामू समेत कई जिले शामिल हैं।

फ्लैश फ्लड के खतरे को देखते हुए प्रशासन को सतर्क किया गया है। नदियों और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका के बीच लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

SDRF और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव में जुटीं

लगातार बारिश के कारण पैदा हुए हालात से निपटने के लिए अलग-अलग राज्यों में प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें सक्रिय हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, जलभराव वाले इलाकों की निगरानी और आपात स्थिति में राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

AdvertisementAdvertisement
Scroll to Top