भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को 71 जिलों के लिए नए जिला अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट के जारी होने के साथ ही पार्टी के अंदर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। इंदौर में चिंटू चौकसे के शहर अध्यक्ष और विपिन वानखेड़े के जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से असंतोष सामने आने लगा है। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि सर्वे और रायशुमारी को दरकिनार किया गया है।
चिंटू चौकसे को शहर कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है और विपिन वानखेड़े को इंदौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम को नियुक्ति आदेश जारी किया। चौकसे इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष हैं और वानखेड़े आगर मालवा के पूर्व विधायक हैं। संगठन को नए सिरे से गढ़ने के लिए कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की घोषणा की थी।